मुरादाबाद। भारतीय संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में आशियाना स्थित मुस्कान नर्सिंग होम गली में भव्य सामूहिक हिंदू विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। संस्थान द्वारा कुल 51 जोड़ों के विवाह का संकल्प लिया गया है, जिसके प्रथम चरण में 30 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं सनातन परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति एवं हिंदू परंपराओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा। विवाह समारोह में सभी जोड़ों का विधिवत पूजन, कन्यादान एवं अन्य वैवाहिक संस्कार पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराए गए।
समारोह में वैष्णव आचार्य धीशानंद जी महाराज के सान्निध्य तथा श्री राजेश रस्तोगी जी के विशेष सहयोग से सभी वैवाहिक अनुष्ठान संपन्न हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजसेवी, धर्मप्रेमी, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया और भारतीय संस्कृति संस्थान की इस समाजसेवी पहल की सराहना की।
आयोजकों ने बताया कि संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिलने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को और अधिक मजबूती मिल सके।