खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के सोथरापुर गांव में नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिसकर्मियों और युवक के बीच हुई नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, 'आपका अपना अखबार' वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, धाता थाना में वर्ष 2025 में दर्ज एक प्रकरण के संबंध में न्यायालय/पुलिस द्वारा जारी नोटिस तामील कराने के लिए खखरेरू पुलिस शनिवार दोपहर करीब एक बजे सोथरापुर गांव निवासी शिवसागर विश्वकर्मा के घर पहुंची थी। शिवसागर विश्वकर्मा का आरोप है कि पांच से छह पुलिसकर्मी उसके घर में घुस आए और उसके साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों और युवक के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। मामले में युवक ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि समन तामील करवाने केलिए पुलिस गई थी बाकी मारपीट आदि के आरोप निराधार है।