आरटीओ की हठधर्मिता के खिलाफ 15 सितंबर को तालाबंदी आंदोलन

वाराणसी। परिवहन विभाग की कथित मनमानी और वाहन स्वामियों की समस्याओं की अनदेखी के विरोध में बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार को कैंटोनमेंट-नदेसर स्थित अर्बन फूड कोर्ट में आयोजित प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मांगों का ठोस एवं लिखित समाधान नहीं होने पर 15 सितंबर को आरटीओ कार्यालय में तालाबंदी आंदोलन किया जाएगा महामंत्री प्रकाश जायसवाल ने कहा कि वाहन स्वामियों की समस्याओं को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों से कई बार वार्ता हुई और आश्वासन भी मिले, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब ट्रांसपोर्टरों को आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस समाधान चाहिए प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने कहा कि 15 सितंबर तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वाहन स्वामी एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने वाराणसी के छोटे-बड़े वाहन स्वामियों से इसमें शामिल होने की अपील की एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन परमिट नवीनीकरण की सुविधा तत्काल बहाल करना, वी-एलटीडी पैनिक हॉर्न की समस्या का व्यावहारिक समाधान, पर्यटक वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था तथा परिवहन कार्यालय में भ्रष्टाचार और सुविधा शुल्क की शिकायतों पर कार्रवाई शामिल हैं शशि प्रताप सिंह ने कहा कि परिवहन व्यवसाय पहले से कई चुनौतियों से जूझ रहा है। विभागीय लापरवाही और अनावश्यक देरी से वाहन स्वामियों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अब धैर्य की परीक्षा न ली जाए। अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए।