मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन वर्मा ने मझोला थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर वरदान हॉस्पिटल, कपूर रोड स्थित डॉक्टर विकास कुमार लोचव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि उनके पिता पंकज वर्मा के पैर में हल्का दर्द होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने कूल्हे में बाल (हेयरलाइन फ्रैक्चर) आने की बात कहकर ऑपरेशन की सलाह दी।
आरोप है कि 8 जुलाई 2025 को पहला ऑपरेशन किया गया, लेकिन अगले ही दिन डॉक्टर ने ऑपरेशन को अधूरा बताते हुए दोबारा ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद भी मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार, मरीज की पूरी टांग में कई जगह चीरे लगाए गए और टांके लगाए जाने के बाद संक्रमण फैल गया तथा पैर में पस पड़ गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने पर डॉक्टर इलाज के नाम पर केवल समय टालते रहे। बाद में जब मरीज को दिल्ली, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के विशेषज्ञ चिकित्सकों को दिखाया गया तो उन्होंने कथित रूप से बताया कि गलत ऑपरेशन के कारण गंभीर संक्रमण हो गया है और मरीज की टांग काटने तक की नौबत आ गई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पिता की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है और परिवार आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान है। प्रार्थना पत्र में डॉक्टर विकास कुमार लोचव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित डॉक्टर या अस्पताल का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।