• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Subedar Mishri Singh's last rites were performed with military honours, and a huge crowd gathered to pay their respects.

सैन्य सम्मान के साथ हुआ सूबेदार मिश्री सिंह का अंतिम संस्कार, उमड़ा श्रद्धांजलि देने वालों का जनसैलाब

लखनऊ। भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को अपने समर्पण, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा से गौरवान्वित करने वाले सेवानिवृत्त सूबेदार मिश्री सिंह जी का कल मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिवार, मित्रों, पूर्व सैनिकों एवं क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

स्वर्गीय सूबेदार मिश्री सिंह जी ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित राजपूत रेजीमेंट की तृतीय बटालियन (3rd Battalion Rajput Regiment) में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान की थीं। राष्ट्र की रक्षा एवं सेवा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।


आज लखनऊ में उनका अंतिम संस्कार पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें सैन्य परंपरा के अनुरूप अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार में सेना के अधिकारी एवं जवान, सेवा काल के साथी सैनिक, परिवारजन, शुभचिंतक, सैनिकनगर एवं सेनानी विहार के निवासी तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अवध प्रान्त के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को नमन किया।

वक्ताओं ने कहा कि सूबेदार मिश्री सिंह जी का जीवन कर्तव्यनिष्ठा, देशभक्ति और अनुशासन का प्रेरणादायी उदाहरण था। उनका निधन केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि समस्त पूर्व सैनिक समाज एवं राष्ट्रभक्त नागरिकों की अपूरणीय क्षति है।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अवध प्रान्त ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।