रामपुर में श्री बालाजी समिति के तत्वाधान में निकली भव्य शोभायात्रा

माता काली की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र श्रद्धा, भक्ति और जयकारों से गूंज उठा पूरा नगर, धर्मशाला पर संपन्न हुई यात्रा

रामपुर। श्री बालाजी समिति रजिस्टर्ड रामपुर के तत्वाधान में रामपुर नगर में धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा रामपुर के मोहल्ला खारी कुंआ से बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ प्रारंभ हुई। शोभायात्रा का शुभारंभ समिति के सब प्रथम महान श्री युत राजीव नंदन अग्रवाल एवं संस्थापक संयोजिका विमल अग्रवाल के द्वारा किया गया। इस दौरान राजीव नंदन अग्रवाल द्वारा फीता काटकर तथा नारियल फोड़कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शोभायात्रा को रवाना किया गया।

शोभायात्रा के प्रारंभ होते ही पूरा क्षेत्र श्री बालाजी के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और नगर के गणमान्य लोग शामिल हुए। महिलाएं भजन गाते हुए शोभायात्रा में आगे-आगे चल रही थीं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

माता काली की झांकी बनी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण इस शोभायात्रा में कई देवी-देवताओं की भव्य झांकियां शामिल रहीं, जिनमें माता काली की झांकी सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बनी रही। माता काली के स्वरूप कलाकारों ने जिस तरह से अपने तांडव नृत्य और भावपूर्ण अभिनय से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया, उसे देखकर लोग बार-बार जयकारे लगाने लगे। आम जनता के बीच माता काली का तांडव प्रदर्शन अत्यंत सुंदर और भावनात्मक रहा, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।

श्रद्धालुओं का कहना था कि ऐसी भव्य और अनुशासित शोभायात्रा रामपुर नगर में बहुत कम देखने को मिलती है। माता काली की झांकी के साथ-साथ अन्य झांकियां भी आकर्षक और भव्य रहीं। इन झांकियों ने बढ़ाई शोभायात्रा की शोभा शोभायात्रा में प्रथम गणेश जी, भगवान राम, माता काली, भगवान विष्णु, लक्ष्मी नारायण, हनुमान जी, महाकाल, एवं बालाजी दरबार की सुंदर झांकियां निकाली गईं। झांकियों में रंग-बिरंगी सजावट, भव्य वेशभूषा और धार्मिक संदेशों की झलक ने शोभायात्रा को और अधिक यादगार बना दिया।

नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत शोभायात्रा के दौरान रामपुर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और समाजसेवियों द्वारा झांकियों और भक्तों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विशेष रूप से मीठे कुएं पर झांकियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद राजद्वारा, मिस्टरगंज चौराहा सहित कई प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। राजीव नंदन अग्रवाल द्वारा सभी भगवान स्वरूप कलाकारों का हार-माला पहनाकर स्वागत किया गया और उनके उत्साहवर्धन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। शोभायात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं को जगह-जगह जलपान और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।

बालाजी के जयकारों से गूंज उठा बाजार जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। श्री बालाजी के जयकारों से पूरा बाजार क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ “जय श्री बालाजी”, “जय महाकाल”, “जय माता काली” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। माता काली कलाकारों के प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं के अंदर धार्मिक ऊर्जा भर दी। कलाकारों ने अपनी कला से लोगों का दिल मोह लिया और पूरे मार्ग में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए रुक-रुक कर देखने लगे। निर्धारित मार्ग से होते हुए धर्मशाला पर संपन्न हुई यात्रा

यह शोभायात्रा अखाड़ा सोहराब खान, मीठा कुआं, राजद्वारा, मिस्टरगंज, हनुमान गली होते हुए अंत में अग्रवाल धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के समापन पर समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं और कलाकारों का आभार व्यक्त किया गया तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया गया।

पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह एवं शहर कोतवाली प्रभारी प्रदीप मलिक ने संभाली। पुलिस बल द्वारा पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शोभायात्रा के सुचारू संचालन के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। समिति पदाधिकारियों ने भी पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सहयोग के कारण शोभायात्रा पूरी तरह सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। आम जनता ने की भूरी-भूरी प्रशंसा

शोभायात्रा को लेकर रामपुर नगर में चर्चा का माहौल बना रहा। आम जनता ने शोभायात्रा को बेहद सराहनीय बताया और कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और धार्मिक संस्कारों को मजबूत करते हैं। नगरवासियों ने समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की मांग की।

कुल मिलाकर श्री बालाजी समिति द्वारा आयोजित यह शोभायात्रा रामपुर नगर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह का प्रतीक बनकर उभरी, जिसकी चारों ओर खूब प्रशंसा हो रही है। प्रयोजन में समिति की संस्थापक विमल अग्रवाल राजीव नंदन अग्रवाल अशोक सक्सेना निकेतक्सेना राजकुमार गुप्ता विमल कुमार सक्सेना अजय ठाकुर प्रवीण नंदन अग्रवाल राजीव मांगलिक अनिल राज अग्रवाल संदीप राज अग्रवाल ध्यानु राज अग्रवाल प्रशांत राज अग्रवाल परेश सक्सेना शुभम गौरव निशा सक्सेना सौम्या सक्सेना प्रियंका जैन मीनू शर्मा सारिका आहूजा शेफाली मोहित सिंघल एडवोकेट चेतन प्रकाश अग्रवाल अर्चना अग्रवाल आदि उपस्थित रहे