लखनऊ: ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिला अध्यक्ष शहज़ाद कुरैशी ने दफ्तर जमीयतुल कुरैश बलूचपुरा में मोहम्मद आफ़ाक के साथ इस भीषण गर्मी के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुई आगजनी की घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण आए दिन आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे खासकर गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
शहज़ाद कुरैशी ने कहा कि हम उन सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और राहत व बचाव कार्य में लगे लोगों के तहे दिल से आभारी हैं, जो बिना किसी धर्म या भेदभाव के पीड़ितों की मदद में दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में इंसानियत की सेवा सबसे बड़ी इबादत है और जो लोग इस नेक काम में लगे हैं, वे प्रशंसा के पात्र हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जरूरत इस बात की है कि सभी सामाजिक संगठन, सेवा संस्थाएं और स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोग अपने-अपने क्षेत्रों में संगठित तरीके से काम करें और गरीब, यतीम और जरूरतमंद लोगों की तत्काल मदद सुनिश्चित करें। अगर हर मोहल्ले के सक्षम लोगों को जागरूक कर इस नेक काम में शामिल किया जाए, तो न सिर्फ आपदा के समय तुरंत राहत पहुंचाई जा सकती है बल्कि स्थायी रूप से गरीबी खत्म करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया जा सकता है।
इस मौके पर उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएं, फायर ब्रिगेड की सुविधाओं को मजबूत किया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। अंत में उन्होंने आम जनता से अपील की कि गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें, बिजली के उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचना दें, ताकि जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।