• Home
  • Uttar Pradesh
  • Agra
  • Massive fire at Moradabad's Art of Brass factory: Fire brigade's prompt action averted a major accident, with no casualties.

मुरादाबाद की आर्ट ऑफ ब्रास फैक्ट्री में भीषण आगः फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं

मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र स्थित 'आर्ट ऑफ ब्रास' फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है फायर स्टेशन हैलेट रोड को शुक्रवार सुबह 09:35 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट सक्रिय हो गई और दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। सुबह 10:00 बजे तक दमकल की टीमें मौकेपर पहुंच चुकी थीं।


मुरादाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी के कुशल नेतृत्व में अग्निशमन अभियान चलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल चार दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए लगाई गईं। फायर यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए दो होज़ रील लाइनें बिछाकर आग पर पानी की बौछार की, जिससे कुछ ही देर में आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

घटनास्थल पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी बिलारी, अग्निशमन अधिकारी और थाना मैनाठेर के प्रभारी निरीक्षक भी दल-बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य की निगरानी की लालपुर हमीर स्थित इस 'आर्ट ऑफ ब्रास' फैक्ट्री के पार्टनर मोहम्मद आदिल, मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद जुबैर हैं। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़े आर्थिक नुकसान से बचा जा सका, जिसका आकलन अभी शेष है।