वाराणसी, बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस पर वाराणसी में वॉकाथॉन, वृक्षारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। गुरुधाम शाखा से आयोजित वॉकाथॉन के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके बाद बीएलडब्ल्यू और कैवल्य धाम पार्क में 119 पौधों का रोपण किया गया।
शाम को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने कहा कि बैंक की 119 वर्षों की गौरवशाली यात्रा ग्राहकों के विश्वास और कर्मचारियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मी उपस्थित रहे।