चित्रकूट जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव की मंदाकिनी नदी में नहाने गई दो नाबालिग लड़कियों की कुछ युवकों ने आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। घटना की जानकारी जब लड़कियों के घर पहुंची तो परिजनों द्वारा डांट-फटकार लगाने पर दोनों लड़कियां मानसिक रूप से आहत हो गईं और क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पीड़िताओं के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपत्तिजनक फोटो/वीडियो बनाए जाने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि एक टीम पीड़िताओं के इलाज में सहयोग कर रही है, दूसरी टीम गांव में जांच कर रही है, जबकि तीसरी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।