हाथरस। सासनी थाना क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई जब प्रशासन ने भारतीय किसान यूनियन (तेवतिया) के काफिले की 5 गाड़ियों को रोक लिया। काफिला एक निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगे बढ़ रहा था, तभी पुलिस प्रशासन ने रोककर जांच-पड़ताल की।इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर ही क्षेत्राधिकारी (CO) को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी बात मजबूती से रखी। ज्ञापन में किसानों से जुड़े मुद्दों और हालिया प्रशासनिक कार्यवाही पर आपत्ति दर्ज कराई गई।
इस प्रतिनिधिमंडल में भारतीय किसान यूनियन (तेवतिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सिंह, भारतीय किसान यूनियन (अन्नदाता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश मीणा, भारतीय किसान यूनियन (तेवतिया) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील शर्मा (मुरादनगर), बागपत के जिला अध्यक्ष चिराग उज्ज्वल, गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष नितिन चौधरी तथा जिला उपाध्यक्ष गौरव शामिल रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसानों की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष रवैया अपनाने और किसानों के अधिकारों का सम्मान करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।