मुरादाबाद: महिला से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी का पुलिस से एनकाउंटर, वीडियो वायरल

मंडल मुरादाबाद /उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को उसके बुरे कर्मों की सजा मिल गई। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ (एनकाउंटर) में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के साथ अभद्रता करने के बाद फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

इस मामले में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों और महिलाओं के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।