• Home
  • Uttar Pradesh
  • Moradabad
  • Provincial meeting of the Antarrashtriya Hindu Parishad and Rashtriya Bajrang Dal (Meerut Province) concludes.

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल मेरठ प्रान्त की प्रांतीय बैठक संपन्न

मुरादाबाद /उत्तर प्रदेश/ मुरादाबादअंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल मेरठ प्रान्त की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक आज दिनांक 19 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक मुरादाबाद स्थित फ्लेवर्स रेस्टोरेंट, रामगंगा विहार में संपन्न हुई। बैठक में मेरठ प्रान्त के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री ईश्वरी प्रसाद जी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद रहे।

बैठक का आयोजन तीन सत्रों में किया गया, जिसमें संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा हिंदू समाज के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रथम सत्र में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के प्रान्त महामंत्री श्री गौरव राघव जी ने बैठक की प्रस्तावना रखते हुए संगठन की भूमिका, उद्देश्य तथा आगामी वार्षिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहन सक्सेना ने आगामी कावड़ यात्रा के सेवा एवं सुरक्षा कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को समाज के बीच सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से 20 अगस्त तक अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम पूरे प्रान्त में आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त आगामी शारदीय नवरात्रि से विजयादशमी तक प्रत्येक क्षेत्र में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित कर हिंदू समाज को संगठित करने का कार्य किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के प्रान्त उपाध्यक्ष श्री अशोक गौतम जी ने “संगठन और हमारी भूमिका” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का आधार है और अनुशासन, समर्पण एवं सक्रियता के माध्यम से ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। प्रान्त संगठन मंत्री श्री प्रमोद कुमार जी ने हनुमान चालीसा केंद्रों के विस्तार पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नगर एवं प्रखंड स्तर पर अधिक से अधिक हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित कर समाज में धार्मिक जागरण का वातावरण निर्मित किया जाए।

प्रान्त कार्याध्यक्ष श्री वीरपाल शर्मा जी ने आगामी प्रवास योजनाओं पर चर्चा करते हुए संगठनात्मक दृष्टि से नियमित प्रवास की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं को क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। प्रान्त उपाध्यक्ष श्री प्रेम पाल सिंह चौहान जी ने हिंदू हेल्प लाइन एवं इंडिया हेल्थ लाइन जैसे सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन सेवा, सुरक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का कार्य कर रहा है।

बैठक के समापन सत्र में मुख्य अतिथि माननीय श्री ईश्वरी प्रसाद जी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद ने संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति, हिंदू रक्षा निधि, प्रशिक्षण वर्ग एवं कार्यकर्ता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसका प्रशिक्षित एवं समर्पित कार्यकर्ता होता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र तथा धर्म के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज के बीच सक्रिय रहना चाहिए।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाते हुए हिंदू समाज को संगठित, सुरक्षित, सम्मानयुक्त एवं समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करें। बैठक में मेरठ प्रान्त के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही तथा पूरे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

गौरव सैनी,सुरेश गुप्ता ,शरद रस्तोगी,विजय शर्मा, इशांक भारद्वाज, रोहित भटनागर,रमेश प्रजापति, देवी लाल प्रजापति,अनुज आर्य, गोविंद सिंह,अमन सैनी, ललित सैनी,आनंद प्रजापति,तरुण रस्तोगी,संदीप, भानू,रिंकू,आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे