• Home
  • Uttar Pradesh
  • Mainpuri
  • Shankaracharya receives grand welcome in Mainpuri, MP Dimple Yadav extends support to cow protection movement

मैनपुरी में शंकराचार्य का भव्य स्वागत, सांसद डिंपल यादव ने दिया गौरक्षा आंदोलन को समर्थन

मैनपुरी, 5 जून। गौरक्षा के समर्थन में चल रही "गविष्ठि" यात्रा के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का मैनपुरी में भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौरक्षा का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग दोहराई तथा समाज और राजनीति में धर्म की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गौरक्षा केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विषय है।

इस अवसर पर मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने शंकराचार्य का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और गौरक्षा आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि एक सनातनी होने के नाते वह शंकराचार्य के गौरक्षा अभियान के साथ हैं तथा सभी सनातन धर्मावलंबियों से इस आंदोलन का समर्थन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और गौसंरक्षण के लिए जनजागरण का संकल्प लिया।