• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • The body of a railway employee was found hanging from a tree in Rampur, causing panic in the area.

रामपुर में रेलवे कर्मी का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में मचा हड़कंप

रामपुर। उत्तर प्रदेश/जनपद के थाना शहजादनगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब इटावा निवासी एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो ककरोआ गांव में किराए पर रहकर जीवनयापन कर रहा था।

बताया जा रहा है कि सुनील कुमार रेलवे विभाग में गेंगमैन (गैंगमैन) के पद पर कार्यरत था और सरकारी कर्मचारी था। पुलिस को सूचना मिली कि थाना शहजादनगर स्थित स्वाति मेंथॉल प्लांट के पीछे नहर के किनारे एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।