वाराणसी। चेतगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ एआई जनरेटेड वीडियो अपलोड करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश सिंह बेरिहा, ग्राम नाथुपुर, पोस्ट भुल्लनपुर, थाना मंडुवाडीह का निवासी है। उसे चौकाघाट फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ एआई जनरेटेड वीडियो प्रसारित किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) एवं 353(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।