वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर राष्ट्रीय पाण्डुलिपि मिशन के तहत संचालित दुर्लभ पाण्डुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और सूचीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने एमओयू से जुड़ी तकनीकी बाधाओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि एमओयू से संबंधित सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान अगले 10 दिनों में कर दिया जाएगा, जिससे चार माह से प्रभावित परियोजना को नई गति मिलेगी। प्रो. शर्मा ने कहा कि सरस्वती भवन पुस्तकालय में सुरक्षित सवा लाख से अधिक दुर्लभ पाण्डुलिपियाँ भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं और उनके संरक्षण व वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए विश्वविद्यालय पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।