15 मई को आरटीओ कार्यालय का घेराव करेगा टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट यूनियन।

वाराणसी। बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक नदेसर स्थित कैंप कार्यालय में अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि वाहन मालिकों की समस्याओं को लेकर 15 मई को काजीसराय स्थित आरटीओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग द्वारा लगातार नए नियम लागू कर बस एवं वाहन मालिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है।

विशेष रूप से वर्ष 2019 के बाद के वाहनों में पैनिक बटन लगाने के आदेश और लगातार चालान कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि बिना टैक्स राहत के वाहन मालिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। बैठक के अंत में दिवंगत साथी त्रिभुवन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान शशि प्रताप सिंह, विनोद सिंह, हर्षवर्धन सिंह, पी. रोहित सिंह, विकास सिंह, विशाल राय, प्रवीण श्रीवास्तव व अखिलेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।