• Home
  • Uttar Pradesh
  • Hathras
  • Crowds throng the streets of Hathras: A grand and historic procession took place on Maharana Pratap Jayanti.

हाथरस की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब: महाराणा प्रताप जयंती पर निकली भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा

हाथरस। शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में जनपद में एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, शक्ति और संस्कृति के इस अनूठे संगम में 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं और युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे शहर का माहौल केसरिया रंग में रंगा नजर आया और 'जय महाराणा' के उद्घोष से आकाश गुंजायमान हो उठा। केसरिया ध्वजों और ढोल-नगाड़ों से गूंजा शहर शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के गौशाला रोड से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा की भव्यता का आलम यह था कि इसमें ऊंट और घोड़ों का काफिला सबसे आगे चल रहा था, जो प्राचीन राजसी वैभव की याद दिला रहा था। इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र नासिक से आया प्रसिद्ध ढोल दल रहा, जिनकी थाप पर युवा थिरकने को मजबूर हो गए।


डमरू दल और राजस्थान के पारंपरिक नगाड़ों ने भी लोगों का मन मोह लिया।शोभायात्रा में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और पृथ्वीराज चौहान जैसे वीर महापुरुषों की सजीव झांकियां निकाली गईं। पारंपरिक परिधानों में सजे युवाओं ने बाइक रैली के माध्यम से समाज के शौर्य का प्रदर्शन किया। पूरी यात्रा के मार्ग को भगवा पताकाओं और भव्य स्वागत द्वारों से सजाया गया था।शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई इस यात्रा का स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया। शोभायात्रा का मुख्य रूप से निम्नलिखित स्थानों पर पुष्प वर्षा और जलपान के साथ स्वागत हुआ, बागमुला, भूरापीर चौराहा व मेंडू गेट चौराहा, सर्कुलर रोड व पंजाबी मार्केट, घंटा घर व ब्रजवाले कुआं, परसट्टा बाजार व नएगंज इन सभी स्थानों पर शहर के सम्मानित लोगों और विभिन्न संगठनों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेंद्र सिकरवार, सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, एमएलसी मानवेंद्र सिंह गुरुजी मौजूद रहे। शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने सभी आगंतुकों और समाज के लोगों का माला पहनाकर स्वागत व सम्मान किया। साथ ही पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान, राजवीर सिंह पहलवान, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा, भीकम सिंह चौहान, हेमंत सेंगर, मतेंद्र सिंह गहलोत, संदीप सिसौदिया, गोविंद सिंह चौहान और सिद्धांत सिसौदिया जैसे प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। यह विशाल शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए श्री दाऊजी महाराज मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा के समापन पर भगवान की आरती उतारी गई और उपस्थित जनसमूह के बीच विशाल प्रसादी का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शोभायात्रा के कोषाध्यक्ष नरेश प्रधान मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह चौहान, सहित हजारों कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। सभी वक्ताओं ने समाज को एकजुट रहने और महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प दिलाया।