वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में कथित प्रशासनिक लापरवाही से 71 वर्षीय महिला की मृत्यु के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र नेता मृत्युंजय तिवारी के नेतृत्व में 100 से अधिक छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय पहुँचकर कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि मरीज की पहचान संबंधी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया, जिससे गंभीर त्रुटि हुई। उन्होंने ट्रामा सेंटर के प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह को हटाने, उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुलपति की अनुपस्थिति में प्रशासन ने ज्ञापन लेकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।