रामपुर: एस.सी/एस.टी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राम बहादुर गौतम के नेतृत्व में संगठन ने जनगणना ड्यूटी में विसंगति को लेकर कलेक्ट्रेट में एकत्रित होकर जिलाधिकारी रामपुर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राम बहादुर गौतम ने बताया कि जनगणना जो कि राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है जिसमें सभी शिक्षक जनगणना ड्यूटी में अपना योगदान देने हेतु तत्पर हैं परंतु प्रशासन द्वारा 4200,4600,4800 ग्रेडपे वाले शिक्षकों को प्रगणक जबकि 2000,2800 ग्रेडपे वाले लेखपालों व अन्य को सुपरवाइजर बनाया गया है जो कि शिक्षकों के सम्मान के प्रति उचित नहीं है जिससे शिक्षकों में रोष है। इसके अतिरिक्त ज्ञापन में प्रधानाध्यापक/ प्रभारी प्रधानाध्यापकों को जनगणना ड्यूटी से पूरी तरह मुक्त रखने की अपील की गई है जिससे शिक्षा विभाग के अंतर्गत मिड-डे मील,डी.बी.टी,यू-डायस जैसे कार्य बाधित न हो।
इसके अतिरिक्त संगठन द्वारा मांग की गई कि जिन शिक्षकों की एस.आई.आर के अंतर्गत बी.एल.ओ में भी ड्यूटी है उन्हें उसी क्षेत्र में जनगणना में प्रगणक बनाया जाए जिससे जनगणना कार्य में सहायता मिल सके।अनेक शिक्षकों को उनके कार्य क्षेत्र से अलग प्रगणक बनाया गया है जिससे शिक्षकों में रोष है। जनगणना ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर कैशलैस चिकित्सा व अनहोनी होने पर 50 लाख की सहायता राशि की मांग भी संगठन द्वारा रखी गई। अवकाश के दिनों में जनगणना ड्यूटी के कार्य के बदले शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश की व्यवस्था रखी जाए। पति/पत्नी दोनों की जनगणना ड्यूटी की स्थिति में दोनों में से किसी एक को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।
ज्ञापन के दौरान एस.सी/एस.टी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जिलाधिकारी महोदय से उक्त बिंदुओं पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया गया। जिसमें ज्ञापन देने वालों में सुनील कुमार (महामंत्री),दिनेश कुमार (जिला उपाध्यक्ष),जंग बहादुर(जिला ऑडिटर),मुकेश कुमार(जिला उपाध्यक्ष), सुरेंद्र सिंह, ऋषि पाल सिंह,जयवीर सिंह,सत्यपाल सिंह बादल,रोहन सिंह,धर्मवीर सिंह, सरदीप गौतम जिला प्रवक्ता आदि उपस्थित रहे।