• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Two youths arrested for molesting women outside Cantt Station; eight others released with a warning.

कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले दो युवक गिरफ्तार, आठ को चेतावनी देकर छोड़ा

वाराणसी। सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र इशारे कर परेशान करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना पर सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने मौके पर जांच की तो शिकायत सही पाई गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवनीश पांडेय (20), निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20), निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मौके से आठ अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया। इनमें नाबालिग भी शामिल थे। सभी के परिजनों को बुलाकर चेतावनी दी गई तथा माफीनामा लेने के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। यह कार्रवाई एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक डाली साहू, महिला आरक्षी काजल, महिला आरक्षी मंदाकिनी, आरक्षी अभिषेक शर्मा एवं आरक्षी अभिषेक की टीम ने की।