वाराणसी सिटी स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व संरक्षा पर दिया जोर।

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह के साथ वाराणसी सिटी स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रीष्मकालीन यात्रियों की सुविधाओं, स्टेशन पुनर्विकास कार्यों, संरक्षा उपकरणों तथा ट्रेन संख्या 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर मेल एक्सप्रेस के रेक का निरीक्षण किया।

डीआरएम ने स्टेशन पर पेयजल, पंखों, स्वच्छता, दिव्यांग सुविधाओं, फूड स्टॉल, शौचालय एवं निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का जायजा लेते हुए सभी सुविधाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान रिले रूम, डाटा लॉगर रूम, स्टेशन पैनल, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों की जांच की गई। डीआरएम ने ट्रेन के कोचों में स्वच्छता, लाइट, पंखों, पानी की उपलब्धता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर मानक स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए।