राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर (भाजपा) द्वारा आज पं. श्रीकान्त उपाध्याय जी की अध्यक्षता में श्रीमान पुलिस अधीक्षक, फिरोजाबाद नगर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश के ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा जी, जिन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में पुलिस ऑब्ज़र्वर के रूप में नियुक्त किया गया है, वे निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान सुनिश्चित कराने हेतु अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।
संगठन ने आरोप लगाया कि उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा सोशल मीडिया पर एक कथित अश्लील पुराना वीडियो साझा किया गया, जिसमें यह दावा किया गया कि वीडियो में अजय पाल शर्मा जी हैं। जबकि उक्त वीडियो में कोई भी व्यक्ति पुलिस वर्दी में नहीं है तथा विभिन्न सोशल मीडिया स्रोतों के अनुसार वह वीडियो या तो पुराना है या उसमें दर्शाया गया व्यक्ति अजय पाल शर्मा नहीं है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2016 में इस प्रकरण की जांच हो चुकी है, जिसमें अजय पाल शर्मा जी को क्लीन चिट मिल चुकी थी। इसके बावजूद कुछ अराजक तत्वों द्वारा वीडियो को पुनः वायरल कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है और उनके चरित्र पर अनावश्यक प्रश्न उठाए जा रहे हैं। संगठन ने मांग की कि ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए, जो इस प्रकार की भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री को फैलाकर एक ईमानदार अधिकारी को साजिशन बदनाम करने का कार्य कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा कृत्य करने का साहस न कर सके। अंत में संगठन ने प्रशासन से अनुरोध किया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा उक्त ज्ञापन को इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रकाशित करने की कृपा की जाए। ज्ञापन देने के दौरान आनंद शर्मा, गौरव शर्मा, नितिन शर्मा, रामपाल यादव, मनीष शर्मा, सोनू, नितिन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।