मिलक। आज भारतीय किसान संघ की बैठक जनपद रामपुर के मिलक विकास खंड के ग्राम बांकराबाद में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने मिलक प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों ने जिला अध्यक्ष से शिकायत करते हुए बताया कि उनके खेतों में जबरन सड़क डाली जा रही है, जबकि एक दबंग व्यक्ति के खेत में प्रस्तावित सड़क की पैमाइश पिछले एक वर्ष से तहसील प्रशासन द्वारा लगातार टाली जा रही है। इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बैठक में किसानों ने ढैंचा (हरित खाद) बीज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि उन्हें बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे उनकी भूमि खाली पड़ी है। किसानों ने मांग की कि जिला कृषि अधिकारी तत्काल उप कृषि केंद्रों पर बीज की व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन 4 मई को मिलक तहसील में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष मथुरा प्रसाद दिवाकर ब्लॉक अध्यक्ष मिलक आशीष चंद, मिंटू तिवारी, अरुण श्रीवास्तव, अभिषेक प्रधान, अमित, अंकित, नितिन, संजय, राकेश कश्यप, महेश, चेतराम मौर्य सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।