संतोष कुमार / लखनऊ मे कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर टेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में टेंट, कैटर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (रजि.) एवं ऑल इंडिया टेंट डीलर वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन (रजि.) नई दिल्ली की ओर से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजकर बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की गई है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार, प्रदेश चेयरमैन पवन तलवाड़, प्रदेश महामंत्री नवीन अग्रवाल, संगठन मंत्री संतोष कुमार तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष राजू ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होने से छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि टेंट कारोबारी, कैटरिंग व्यवसाय, होटल-ढाबा संचालक, मिठाई कारोबारी तथा ठेला लगाकर खाद्य सामग्री बेचने वाले लोगों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी से छोटे और मध्यम वर्ग के कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने मांग की है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों को तत्काल कम किया जाए तथा जरूरत के अनुसार सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि घरेलू गैस सिलेंडर की तरह कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था ऑनलाइन की जाए, ताकि व्यापारियों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा जीएसटी दरों में कमी करने, गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की भी मांग की गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि देश में जब भी कोई संकट आया है, व्यापारी वर्ग ने हमेशा सरकार का सहयोग किया है और इस बार भी व्यापारी सरकार के साथ खड़े हैं। उन्होंने सरकार से व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत देने की अपील की है।