नई दिशा फाउंडेशन द्वारा वार्ड क्रमांक 8 स्थित शकुंतलम पार्क में भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी के सकोरे रखने का सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पक्षियों के संरक्षण के साथ-साथ बच्चों एवं समाज में सेवा, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग एवं महिलाएँ शामिल हुईं।
नई दिशा फाउंडेशन की अध्यक्ष मनीषा सिंह जी ने बच्चों को पक्षियों एवं जीव-जंतुओं के प्रति दया, सेवा और संवेदनशीलता का महत्व समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार मनुष्यों को गर्मी में पानी की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार पक्षियों को भी पानी की जरूरत होती है। उन्होंने बच्चों को समाजसेवा की भावना से जोड़ते हुए प्रेरित किया कि वे अपने घरों एवं आसपास पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी भरें और जीवों की सेवा के इस कार्य को आगे बढ़ाएँ। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सकोरों में पानी भरकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और पक्षियों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर छोटे लाल पटेल जी ने कहा कि “भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना एक पुण्य कार्य है। नई दिशा फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है। हम सभी को अपने घरों एवं आसपास पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने की पहल करनी चाहिए।”
कार्यक्रम में शकुंतलम पार्क समिति के अध्यक्ष सत्यभूषण सिंह, श्री राम दुबे जी, काशी दीन वर्मा, प्रियंक त्रिपाठी, दीपक निगम, एम.पी. कुंदेर, ऋषभ बागरी, शानू सिंह सहित वार्ड क्रमांक 8 शकुंतलम पार्क समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।