• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Land mafia accused of trying to take over land, complaint lodged with Additional Police Commissioner.

भूमाफियाओं पर कब्जे की कोशिश का आरोप, अपर पुलिस आयुक्त से शिकायत।

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के रामकुंड स्थित एक पैतृक भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। औरंगाबाद निवासी अरविन्द कुमार सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) से शिकायत कर आरोप लगाया है कि कुछ स्थानीय लोगों ने भू माफियाओं के संरक्षण में उनकी संपत्ति पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।

शिकायत में कहा गया है कि 17 व 19 मई 2026 को दर्जनों लोगों ने भवन परिसर में पहुंचकर गाली-गलौज, धमकी और बलपूर्वक कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

अरविन्द कुमार सिंह का कहना है कि संबंधित संपत्ति उनके परिवार के नाम नगर निगम अभिलेखों में दर्ज है तथा मामले में न्यायालय का आदेश भी उनके पक्ष में प्रभावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग तांत्रिक गतिविधियों और पर्यटकों को भ्रमित कर आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शांतिपूर्ण कब्जा और न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पीएमओ, मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व, जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को भी भेजी गई है।