बीएचयू ईएनटी विभाग में आधुनिक जांच और सर्जिकल सुविधाओं का उद्घाटन

वाराणसी, 21 मई। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित ईएनटी विभाग में बुधवार को कई अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक एवं सर्जिकल सुविधाओं का उद्घाटन कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने नवस्थापित इकाइयों का निरीक्षण कर चिकित्सकों, कर्मचारियों और मरीजों से संवाद भी किया।

नई सुविधाओं में ईएनटी वर्कस्टेशन, स्ट्रोबोस्कोपी यूनिट, सायलेंडोस्कोपी यूनिट, टेम्पोरल बोन लैब, ओएई एवं एएसएसआर लैब शामिल हैं। इनसे मरीजों की जांच, उपचार, सर्जिकल प्रशिक्षण और शोध कार्यों को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से ओएई और एएसएसआर लैब नवजात शिशुओं में श्रवण समस्याओं की प्रारंभिक पहचान में सहायक होंगी।

कार्यक्रम में चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक, छात्र और तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।