बघौली/हरदोई। थाना बघौली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं एवं महापुरुषों के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर निवासी लखन मिश्रा ने थाना बघौली में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि ग्राम मड़िया निवासी राजपाल आए दिन इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर देवी-देवताओं तथा महापुरुषों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां करता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी की टिप्पणियों से क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं तथा सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की टिप्पणियों से लोगों में भारी नाराजगी है और आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना पुलिस का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित सामग्री की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया का संयमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी धर्म, महापुरुष अथवा समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।