लखनऊ। गोमती नगर स्थित स्कॉलर्स होम स्कूल के कक्षा 10 के छात्र आयुष यादव ने बोर्ड परीक्षा में 97.40% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके शिक्षकों की कड़ी मेहनत और उन पर किए गए पूर्ण विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने सदैव उनका सही मार्गदर्शन किया, उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
आयुष ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान यह संकल्प लिया था कि वह मोबाइल फोन एवं अन्य ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूरी बनाकर पूरी लगन और परिश्रम के साथ अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके शिक्षकों ने समय-समय पर उनके सभी डाउट्स को धैर्यपूर्वक दूर किया और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में बताते हुए आयुष ने कहा कि वह आईआईटी में प्रवेश प्राप्त करना चाहते हैं और आगे चलकर एक सफल इंजीनियर बनकर अपने विद्यालय, शिक्षकों और माता-पिता को गौरवान्वित करना चाहते हैं। विद्यालय परिवार ने आयुष की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।