वाराणसी ने जीता राज्य स्तरीय अंडर-20 हैंडबॉल खिताब

वाराणसी, उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-20 (बालक) हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में वाराणसी ने लखनऊ को 29-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वाराणसी की ओर से सूर्या ने सर्वाधिक 9 गोल किए। सेमीफाइनल में लखनऊ ने मऊ को 29-28 तथा वाराणसी ने गाजियाबाद को 28-25 से पराजित किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष विजय कुमार जायसवाल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमों ने भाग लिया।