योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर 440 यूनिट रक्तदान

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग), कबीरचौरा में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 440 यूनिट रक्तदान किया।

मुख्य अतिथि प्रदेश के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। कार्यक्रम के संयोजक अम्बरीश सिंह भोला ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए यह शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हिंदू युवा वाहिनी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।