रामपुर। उत्तर प्रदेश/ नगर पालिका परिषद रामपुर में कथित भ्रष्टाचार और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के बाहर एकत्र होकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और जल्द समाधान की मांग की।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी, कर्मचारियों के शोषण, तथा नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर पालिका में कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों को दबाया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों ने प्रशासनिक अधिकारी (ईओ) के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप करने की अपील की।
धरना स्थल पर नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। नगर पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।