हाथरस : सादाबाद क्षेत्र के कुंजलपुर गांव से आगरा जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए छह किशोर-किशोरियों में से चार बच्चों की यमुना में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा आगरा के बल्केश्वर मंदिर के सामने हुआ, जहां सभी बच्चे यमुना में उतर गए थे। अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से बच्चे डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। महक, कान्हा, रिया, काजल और अंशु को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने महक, कान्हा और रिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि काजल और अंशु को बचा लिया गया। वहीं 11 वर्षीय विक्की का शव करीब पांच घंटे बाद गोताखोरों ने बरामद किया। हादसे में कुल चार बच्चों की मौत से हाथरस के कुंजलपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।