रामपुर। जनपद रामपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किला परिसर स्थित महल सराय कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय छात्रा दीप्ति चौहान ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 29-04-2026 की है। मृतका दीप्ति चौहान बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह मूल रूप से ग्राम दहगवां, थाना जरीफनगर, जनपद बदायूं की निवासी थी और वर्तमान में मकान नंबर 07, महल सराय कॉलोनी, किला परिसर, थाना कोतवाली, रामपुर में रह रही थी।
मृतका के पिता नरेन्द्र प्रताप सिंह विकास भवन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।