• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Free service camp held on the first day of the Rath Yatra festival; devotees appreciated the public service initiative.

रथयात्रा महोत्सव के प्रथम दिन निःशुल्क सेवा शिविर, श्रद्धालुओं ने सराहा जनसेवा का प्रयास

वाराणसी। श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के प्रथम दिन मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, वाराणसी द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क शीतल पेयजल एवं नींबू रस सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को ठंडा जल और नींबू रस उपलब्ध कराकर संस्था ने जनसेवा की सराहनीय मिसाल पेश की।

सेवा कार्य में दुर्गा जी मंदिर के महंत पंडित विकास दुबे का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं हैदराबाद की श्रीमती पी. सत्यवती सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं ने भी अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान किया। मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती उषा रानी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ जी की कृपा तथा सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से प्रथम दिन का सेवा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य की वास्तविक शक्ति संस्था से जुड़े स्वयंसेवकों, सहयोगियों और दानदाताओं का निस्वार्थ योगदान है। किसी ने जल सेवा में सहयोग दिया तो किसी ने नींबू रस वितरण में भागीदारी निभाई। संस्था ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समाज की सामूहिक सहभागिता से ऐसे सेवा कार्य हजारों लोगों के लिए राहत और प्रेरणा का माध्यम बनते हैं।