वाराणसी। लहरतारा वार्ड अंतर्गत ककरहिया (पुराना कबीर मठ) क्षेत्र के निवासियों ने सड़क एवं इंटरलॉकिंग गली निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय पार्षद को प्रार्थना पत्र सौंपा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्लॉट संख्या 176 से 182 तक जाने के लिए समुचित मार्ग उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों ने मांग की है कि प्लॉट संख्या 176 से 182 तक पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाए तथा क्षेत्र की गलियों का इंटरलॉकिंग के माध्यम से विकास किया जाए। उनका कहना है कि वर्तमान में गली की स्थिति अत्यंत जर्जर है। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि मजबूरी में लोगों ने बांस-बल्ली के सहारे एक अस्थायी पुलनुमा रास्ता तैयार कर रखा है, जिसके माध्यम से आवागमन किया जाता है। बारिश के दौरान इस पुल पर पानी भर जाने से लोगों का आना-जाना बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए स्थायी सड़क और पुलिया निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह मांग क्षेत्र के निवासियों की आपसी सहमति से जनहित में की जा रही है। सड़क और इंटरलॉकिंग गली का निर्माण होने से पूरे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सड़क, इंटरलॉकिंग गली तथा आवश्यक पुलिया निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित को देखते हुए नगर निगम इस समस्या का जल्द समाधान करेगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा।