वाराणसी में द्वितीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक शुरू,

सांस्कृतिक सहयोग पर मंथन वाराणसी। द्वितीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप) की बैठक का शुभारंभ वाराणसी में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भारत द्वारा संस्कृति ट्रैक के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न प्राथमिकताओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान रचनात्मक अर्थव्यवस्था (क्रिएटिव इकोनॉमी), सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तथा संस्कृति-आधारित सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और साझा पहलों को आगे बढ़ाने के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए।

बैठक में भारत, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इंडोनेशिया और ईरान के प्रतिनिधियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि रूस, इथियोपिया और मिस्र के प्रतिनिधि हाइब्रिड माध्यम से शामिल हुए।

यह बैठक ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने, पारस्परिक सहयोग को बढ़ावा देने तथा सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक उद्योगों के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है।