• Home
  • Uttar Pradesh
  • Mirzapur
  • A 17-year-old dream has come true; now, the sacred waters of Mother Narmada will bring prosperity to the land of Vindhya.

17 वर्षों का सपना हुआ साकार, अब माँ नर्मदा का पावन जल विंध्य की धरती को करेगा समृद्ध

सतना। विंध्य अंचल के लिए ऐतिहासिक महत्व रखने वाली बरगी जल डायवर्जन (टनल) परियोजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मनीषा सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मध्यप्रदेश के विकास एवं किसानों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि लगभग 17 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा, कठिन तकनीकी चुनौतियों एवं चट्टानी भूभाग में ग्रेविटी फ्लो टनल के जटिल निर्माण के बाद यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्ण हो सकी है। इस दौरान अनेक इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने अथक परिश्रम किया, जिसके परिणामस्वरूप आज विंध्य क्षेत्र को यह अमूल्य सौगात प्राप्त हुई है।

श्रीमती सिंह ने कहा कि इस परियोजना से कटनी, मैहर, सतना, रीवा एवं पन्ना जिलों के किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा। माँ नर्मदा का पावन जल सोन नदी तंत्र से जुड़कर क्षेत्र की विशाल कृषि भूमि तक पहुँचेगा, जिससे सिंचाई का दायरा बढ़ेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी। यह परियोजना विंध्य क्षेत्र के कृषि एवं आर्थिक विकास का नया अध्याय सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक हैं। आज उनका पावन जल विंध्य की धरती तक पहुँचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व, आस्था और समृद्धि का प्रतीक है। अब यह धरती माँ नर्मदा के आशीर्वाद से सिंचित होगी और खेतों में हरियाली के साथ खुशहाली का नया इतिहास लिखा जाएगा।

श्रीमती मनीषा सिंह ने इस ऐतिहासिक परियोजना को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी अभियंताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों, श्रमिकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास और समृद्धि की मजबूत आधारशिला बनेगी।