वाराणसी। वाराणसी मैरिज लॉन व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने विकास प्राधिकरण द्वारा कथित तौर पर मैरिज लॉन संचालकों के उत्पीड़न के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सोमवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष को सौंपा। व्यापार मंडल ने बताया कि हाल ही में आयोजित महापंचायत के निर्णय के क्रम में यह ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मैरिज लॉन से जुड़े नियमों में व्यावहारिक ढंग से संशोधन किया जाए ताकि व्यापारी बिना किसी अनावश्यक परेशानी के नियमों का पालन कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ने नियमों में आवश्यक ढील देने की मांग रखी। वहीं, उपाध्यक्ष मृत्युंजय सोनकर ने कहा कि स्कूलों और नर्सिंग होम की तर्ज पर मैरिज लॉन का शुल्क केवल कवर्ड एरिया के आधार पर लिया जाना चाहिए। मंडल के महामंत्री बबलू मिश्रा ने कहा कि व्यापारी नियमों का पालन करना चाहते हैं, लेकिन नियम व्यवहारिक होने चाहिए।
वार्ता के दौरान वीडीए के अधिकारी पूर्ण बोरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और सुझावों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने व्यापार मंडल से शासन स्तर पर भी लगातार पत्राचार और संवाद बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर अजित सिंह बग्गा, शिव प्रकाश मौर्य, सदानंद पटेल, नरेंद्र सोनकर, संजीत कुमार, गुड्डू पटेल, राजेश श्रीवास्तव, अरुण गुप्ता, अजय गुप्ता, मदन, शेखर बाबा सहित बड़ी संख्या में मैरिज लॉन व्यापारी उपस्थित रहे।