रामपुर। उत्तर प्रदेश/शाहजाद नगर थाना क्षेत्र के ग्राम जादोपुर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जादोपुर निवासी सुरेश की पत्नी नीतू (24 वर्ष) ने शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक रूप से परेशान थीं।
घटना की सूचना मिलते ही शाहजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।