मजबूत अर्थव्यवस्था के दावों के बावजूद रुपया कमजोर क्यों? : संजय चौबे

वाराणसी,  उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एवं उपाध्यक्ष संजय चौबे ने देश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था के सरकारी दावों के बावजूद रुपया लगातार कमजोर हो रहा है और महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

चौबे ने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था निर्यात, उद्योग, रोजगार और नियंत्रित महंगाई पर आधारित होती है, लेकिन वर्तमान में आयात बढ़ने और निर्यात अपेक्षाकृत कम होने से रुपये पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और उद्योग स्थापित करने के बेहतर अवसर नहीं मिल रहे हैं, जिससे आर्थिक विकास प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में चुनावी बहस आर्थिक मुद्दों, रोजगार, उद्योग और शिक्षा पर केंद्रित होने के बजाय अन्य विषयों पर अधिक होती है। चौबे ने युवाओं से अपील की कि वे आर्थिक विकास, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों को प्राथमिकता बनाएं, तभी देश की अर्थव्यवस्था और युवाओं का भविष्य दोनों मजबूत हो सकेंगे।