हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारिता शिखर सम्मान एवं संगोष्ठी आयोजित।

वाराणसी, 30 मई। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) वाराणसी इकाई द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शिवपुर स्थित होटल रविंद्रराया में पत्रकारिता शिखर सम्मान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि बी.एस. सुब्रह्मण्यम (कांची कामकोटि पीठ) रहे। मुख्य वक्ता बीएचयू के पत्रकारिता विभाग के आचार्य डॉ. बाल लखेंद्र थे।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने वाराणसी में पत्रकार भवन निर्माण का आश्वासन देते हुए पत्रकारों की समस्याओं को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही। डॉ. बाल लखेंद्र ने हिंदी पत्रकारिता में अंग्रेजियत छोड़ने पर बल दिया, जबकि पूर्व विधान परिषद सदस्य चेत नारायण सिंह ने पत्रकारों की सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विनोद बागी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध तबला वादक पंडित अशोक पांडे एवं वायलिन वादक पंडित सुखदेव मिश्र की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।