• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • A massive wave of devotion marked the anniversary of the Shri Ram Darbar consecration ceremony; approximately 5,000 devotees partook of the *Prasad*.

श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा वर्षगांठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

वाराणसी। श्री राम दरबार सेवा ट्रस्ट वाराणसी के तत्वावधान में गुरुवार को गोकुलधाम (डिपो) कॉलोनी, सलारपुर, सारनाथ स्थित बंजारा बाबा मंदिर परिसर में श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा वर्षगांठ समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके उपरांत सामूहिक हवन आयोजित किया गया। सायंकाल भंडारे की शुरुआत से पूर्व आयोजकों ने बटुक ब्राह्मणों का विधिवत चरण पूजन एवं चरण प्रक्षालन कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका सम्मान किया। इसके बाद बटुक ब्राह्मणों को भोजन कराया गया और फिर विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ।

आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं दोपहर 2 बजे से रात्रि तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। विशाल भंडारे में लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

श्री राम दरबार सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं सेवा कार्य में लगे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।