भारत अकादमी में वार्षिक मेला, आर्ट, क्राफ्ट एवं साइंस प्रदर्शनी आयोजन

लखनऊ: भारत अकादमी, नौबस्ता में वार्षिक मेला, आर्ट, क्राफ्ट एवं साइंस प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत अकादमी के निदेशक एवं अशोक मेमोरियल फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा कबूतर और तिरंगा गुब्बारे आकाश में छोड़कर किया गया, जिससे कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने आर्ट, क्राफ्ट और साइंस के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे वहां उपस्थित शिक्षकों और प्रबंधन ने खूब सराहा। प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए गए मॉडल और कलाकृतियों ने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया। छात्रों के अभिभावकों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया तथा छात्रों की मेहनत की सराहना की गई।