रीवा- जिले के जवा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सेहुंडा स्थित भुलनिहा शासकीय तालाब में आज “जल गंगा अभियान” के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तालाब की सफाई एवं संरक्षण कार्य किया। कार्यक्रम में ज्वाइंट कमिश्नर रीवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक, जिला समन्वयक जागेश्वर ताम्रकार, अमित अभ्यादस, एपीओ जवा नागेंद्र सिंह, सीडीओ एवं सब इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के साथ साथ नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि विनय बघेल, भूप नारायण मिश्रा, अरुण तिवारी तथा मेंटर सुधा पांडेय, वर्षा द्विवेदी, शिरीष कुमार तिवारी, नीरज कुमार कोरी एवं धीरज गुप्ता की सक्रिय भागीदारी रही। प्रस्फुटन समिति के सदस्य उदयराज सिंह, सुनील साहू, राधेश्याम गुप्ता एवं अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही भुलनिया मंदिर के जीर्णोद्धार एवं तालाब के सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना बनाने पर सहमति बनी, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिल सके। इस पहल का उद्देश्य सामुदायिक सहयोग से प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं ग्राम विकास को नई दिशा देना है, जिसमें ग्रामीणों का उत्साह सराहनीय रहा।