खखरेरू /फतेहपुर धाता विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा पौली के मजरा गढ़वा में मंगलवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल महुआ का पेड़ पक्के मकान पर गिर गया। हादसे में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा घर में रखा खाद्यान्न और अन्य सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार गढ़वा निवासी चिम्मन पटेल पुत्र राम मनोहर के घर के पास खड़ा महुआ का पुराना और विशाल वृक्ष सुबह करीब 5:30 बजे तेज हवाओं के कारण अचानक टूटकर उनके पक्के मकान पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मकान की छत और दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा और घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर पशुओं को चारा-पानी दे रहे थे, जबकि उनका सड़क दुर्घटना में घायल होकर दिव्यांग हुआ बेटा घर के बाहर बने छप्पर के नीचे बैठा था। यदि परिवार के सदस्य उस समय घर के भीतर होते तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। पेड़ गिरने से घर के अंदर रखा गेहूं, चावल, आटा, पशुओं का भूसा तथा अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार उन्हें इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
चिम्मन पटेल ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र अपनी पत्नी के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहता है। घर पर केवल बुजुर्ग दंपति और उनका दिव्यांग पुत्र ही रहते हैं। ऐसे में मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने और जीवन-यापन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई राजस्व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का तत्काल आकलन कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। अचानक आए आंधी-तूफान ने बुजुर्ग दंपति का आशियाना उजाड़ दिया है, जिससे परिवार गहरे संकट में आ गया है।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी अभिनित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है मौके पर लेखपाल को भेज कर नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है।