पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास पर रहेगा फोकस; योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र तक पहुंचाने का संकल्प, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य के निर्देश
चित्रकूट। रामनगर विकासखंड को नया खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मिल गया है। वर्ष 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी अभिनन्दन सिंह ने शुक्रवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण करते ही स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र तक पहुंचाना, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगी। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।
नवागत बीडीओ अभिनन्दन सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, आवास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
बीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारियों और पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित रोस्टर के अनुसार पंचायत भवनों में नियमित रूप से उपस्थित रहें तथा गांवों का भ्रमण कर जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही और जनसुनवाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अभिनन्दन सिंह ने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से रामनगर विकासखंड को विकास, पारदर्शिता और सुशासन का आदर्श मॉडल बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।