वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर की संगठनात्मक बैठक रविवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण एवं पन्ना प्रमुख नियुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ एवं “मन की बात” कार्यक्रम की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय कमेटी को सक्रिय करने, सोशल मीडिया संयोजक एवं पन्ना प्रमुख नियुक्त करने पर जोर दिया गया।
बैठक में महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। कार्यक्रम का संचालन राहुल सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन नवीन कपूर ने किया।
बैठक के उपरांत राज्य मंत्री बनने के बाद प्रथम वाराणसी आगमन पर हंसराज विश्वकर्मा का महानगर कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने उन्हें गदा भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।